स्मार्ट सिटी में हेल्थ एटीएम से होगी बीमारियों की जांच
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत लोगों को बीमारियों की जांच के लिए पैथोलॉजी लैब पर मोटी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी। योजना के तहत शहर में हेल्थ एटीएम लगाए जाएंगे, जिनमें मात्र 100 से 200 रुपये में 16 बीमारियों की जांच आसानी से हुआ करेगी। जांच रिपोर्ट भी मिनटों में आपके मोबाइल पर आ जाया करेगी।
योजना के तहत शहर में लगाए जाने वाले हेल्थ एटीएम नगर निगम परिसर स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंच गए हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि एक एटीएम जिला अस्पताल परिसर तो दूसरा मंडी समिति रोड पर लगाया जाएगा, जिसके लिए जगह तलाशी जा रही है। एटीएम 16 प्रकार की बीमारियों की जांच करेगा। इसमें दो प्रकार के चेकअप शामिल हैं। पहला नौ मिनट वाला और दूसरा छह मिनट वाला। सूत्रों ने बताया कि यह एटीएम लखनऊ में भी लगे हैं, जहां नौ मिनट वाली जांच की कीमत करीब 100 रुपये और छह मिनट वाली जांच की कीमत 50 रुपये है। सहारनपुर में इसका क्या चार्ज रहेगा यह अभी तय नहीं हुआ है, मगर यह कम से कम ही रहेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोग इसका अधिक से अधिक लाभ ले सकें। खास बात यह है कि जांच रिपोर्ट मुश्किल से पांच मिनट में आपके मोबाइल फोन या ईमेल एड्रेस पर पहुंच जाया करेगी। अधिकारियों का मानना है कि हेल्थ एटीएम लगने के बाद एक ओर जहां लोगों को जांच में मोटी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी। वहीं जांच के लिए घंटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इन बीमारियों की होगी जांच
हेल्थ एटीएम पर 16 तरह की बीमारियों की जांच की सुविधा रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से दिल, दिमाग, सांस, स्त्री रोगों से जुड़े शुरुआती जांच, ब्लड प्रेशर, बॉडी मास इंडेक्स, तापमान, धड़कन की जांच, खून में ग्लूकोज की जांच आदि की सुविधा रहेगी। हेल्थ एटीएम के साथ मेडिकल अटेंडेंट स्टाफ तैनात रहेगा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में हेल्थ एटीएम लगाए जाने हैं। हेल्थ एटीएम सहारनपुर पहुंच भी गए हैं, जिनको जल्द ही स्थापित कराया जाएगा। लोगों से अपील है कि शहर को स्मार्ट बनाने में नगर निगम को सहयोग करें। -ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त।