सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित विकास भवन सभागार में सीडीओ ने टीबी मुक्त हुई 76 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। यह ग्राम पंचायतें पंचायती राज और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से टीबी मुक्त हुई।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत शनिवार को सीडीओ सुमित राजेश महाजन ने 68 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को कांस्य और आठ ग्राम पंचायतों को सिल्वर प्रतिमा दी। आठ ग्राम पंचायतों को प्रधानों ने लगातार दो सालों तक टीबी मुक्त रखा। इस दौरान 100 दिवसीय टीबी अभियान में सहयोग करने पर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया है, उनका टीम गठित कर सत्यापन कराया गया था। शासन से निर्धारित मानकों पर ग्राम पंचायतों की जांच की गई थी। इस मौके पर डीपीआरओ आलोक शर्मा, एसीएमओ डॉ. कपिल देव, मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, एमपी सिंह चावला, सौरभ चक्रवर्ती, मुकेश, परविंद्र यादव आदि शामिल रहे।