सहारनपुर। भूमि विकास बैंक से करीब ढाई करोड़ का ऋण लेकर 30 कर्जदार डकार गए। ऐसे में अब बैंक की तरफ से इन कर्जदारों की जमीन नीलाम कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बैंक की तरफ से पहली बार एक साथ 30 कर्जदारों पर यह कार्रवाई की जाएगी।
भूमि विकास बैंक खेती के लिए खाद-बीज से लेकर कृषि यंत्र-उपकरणों की खरीद करने के लिए किसानों को ऋण देता है। बैंक काफी कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराता है। कई कर्जदाता समय पर लोन को अदा कर देते हैं, लेकिन कई लोग ऐसे भी है जो ऋण लेकर उन्हें जमा नहीं करते हैं। ऐसे ही सहारनपुर, सरसावा और नकुड़ ब्लॉक के बकाएदारों के खिलाफ बैंक ने बंधक जमीन को नीलाम करने का फैसला किया है। ऐसे कुल 30 बकाएदार चिंह्ति किए गए हैं। राम शंकर गौतम शाखा प्रबंधक भूमि विकास बैंक ने बताया कि बैंक से ऋण लेकर अदा न करने वाले बकाएदारों के खिलाफ नीलामी की प्रक्रिया को शुरू किया गया है। अन्य जो भी बकायेदार है, वह भी समय से अपना ऋण अदा कर दें।