बिहारीगढ़। कुरड़ीखेड़ा गांव के खेतों में आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में पुलिस ने युवती को पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। युवती से पूछताछ में काफी जानकारी मिली है। जांच में आया है कि कुछ दिन पहले प्रेमी ने युवती का फोटो अपने साथ फेसबुक आइडी पर लगा दिया था, तब दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों में करीब दो साल से प्रेम-प्रसंग था। करीब 15 दिन पहले समरेज ने अपना और युवती का फोटो फेसबुक पर लगा दिया था। पता चलने पर युवती पक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। 15 दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई। पंचायत में युवती द्वारा समरेज की चप्पल से पिटाई कराई गई थी, जिससे दोनों अलग हो सके। रविवार रात समरेज ने पहली कॉल करीब 10 बजे युवती के मोबाइल पर की। इसके बाद 11 बजे फिर दूसरी कॉल की, तब युवती उससे मिलने पहुंची। पूछताछ में युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने समरेज को उसका मोबाइल भी लौटा दिया। इस पर समरेज ने युवती की तरफ से गिफ्ट में दी गई शर्ट और चेन भी उतारकर फेंक दी थी।