सहारनपुर। हरियाणा पुलिस की टीम ने दवा मार्केट किशनपुरा में छापा मारा है। पुलिस अपने साथ एक आरोपी को भी लेकर पहुंची, जिसकी निशानदेही पर जांच पड़ताल की गई।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र की दवा मार्केट किशनपुरा का है। बृहस्पतिवार को हरियाणा पुलिस की टीम के पहुंचते ही दवा व्यापारियों में खलबली मच गई। कुछ व्यापारी तो दुकान बंद कर इधर-उधर हो गए। हरियाणा पुलिस साथ लेकर आए आरोपी की निशानदेही पर एक दवा एजेंसी पर पहुंची। जहां पर टीम ने दवा रिकॉर्ड चेक करने के साथ ही पूछताछ की। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र के ही एक अन्य जगह पर छापा मारा है।
सूत्रों ने बताया कि एक दिन पहले भी हरियाणा पुलिस ने किशनपुरा में पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। लेकिन ड्रग विभाग को हरियाणा पुलिस के आने की भनक तक नहीं लगी। शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि हरियाणा पुलिस अपने साथ एक आरोपी को लेकर आई हुई है।