हरिद्वार कुंभ के लिए इस मार्ग पर दौड़ेंगी और 40 बसें
सहारनपुर। हरिद्वार में लगने वाले कुंभ के मेले को लेकर परिवहन विभाग सचेत नजर आ रहा है। निगम ने यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए इस मार्ग पर 40 बसे और शामिल करेगा। ताकि इस मार्ग पर यात्रियों को परेशानी न हो। हरिद्वार रूट पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या कम और अधिक की जा सकती है। इस तैयारी के लिए निगम के अफसर उत्तराखंड के अधिकारियों से संपर्क में हैं।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सक्सेना ने बताया कि हरिद्वार रूट पर फिलहाल 40 बसों का संचालन होता है। मकर संक्रांति 14 जनवरी को हरिद्वार में कुंभ स्नान को देखते हुए लगभग इतनी ही और बसों का संचालन कराने की योजना है। उत्तराखंड के शहरों वाले रूट ऐसे हैं जो स्थानीय डिपो की आय बढ़ाने में अधिक सहायक हैं। कोरोना संक्रमण के चलते इसी राज्य में बसों का आवागमन सबसे देेरी से शुरू हुआ था। लेकिन फिलहाल हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जैसे रूट खुले हुए हैं। इसलिए बसें बढ़ाने की योजना है।
-------
रेलवे हरिद्वार के लिए बढ़ाएगा ट्रेनों का संचालन
- परिवहन निगम की तरह रेलवे विभाग भी मकर संक्रांति से पहले हरिद्वार के लिए प्रमुख ट्रेनों का संचालन बढ़ाएगा। अमृतसर से हरिद्वार के बीच 02053-02054 जनशताब्दी एक्सप्रेस को फिर से संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा बीकानेर से हरिद्वार के बीच चलने वाली 04717-04718 बीकानेर स्पेशल संचालित होगी। श्रीगंगानगर से हरिद्वार के लिए 04711-12 श्रीगंगानगर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के सीएमआई प्रदीप गिल्होत्रा ने बताया कि इन ट्रेनों के लिए बुकिंग 11 जनवरी और इसके बाद की तिथि से होगी। बांद्रा से देहरादून के बीच चलने वाली 09019-09020 बांद्रा स्पेशल ट्रेन अब टपरी से हरिद्वार तक के लिए चलेगी। हालांकि इस ट्रेन से जाने के लिए यात्रियों को करीब पांच किलोमीटर दूर टपरी स्टेशन पहुंचना पड़ेगा।