सहारनपुर के नकुड़ के गांव सुल्तानपुर निवासी एक युवक की कंबाइन मशीन के नीचे कुचले जाने से मौके पर मौत हो गई है। चालक मशीन लेकर वहां से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाना चाहा, लेकिन परिजनों ने मशीन को कब्जे में लिए जाने और मुआवजे की मांग करते हुए शव उठने नहीं दिया। शाम को करीब साढ़े छह बजे एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
गांव सुल्तानपुर निवासी जितेंद्र (35) पुत्र कर्मसिंह अखबार हाकर था। रविवार के तीसरे पहर करीब साढ़े तीन बजे अपने गांव से किसी काम के लिए गांव नसरूल्लागढ़ जा रहा था।
जैसे ही वह नसरूल्लागढ़ से कुछ दूर पहले पुलिया के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही कंबाइन मशीन ने उसे चपेट में ले लिया। मशीन के नीचे कुचले जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और ग्रामीणों को आता देख चालक मशीन लेकर वहां से भाग गया।
राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने शव को उठने नहीं दिया।
ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक चालक व मशीन को नहीं पकड़ा जाता तब तक शव को उठने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीण मौके पर किसी बड़े अधिकारी को बुलाने और मुआवजे की मांग भी कर रहे थे।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार अब्दुल बासित अंसारी और एसओ सुशील सैनी ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। एसओ सुशील सैनी ने बताया कि चालक को मशीन सहित पकड़ लिया गया है।
फिर भी ग्रामीण एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे। एसडीएम हीरालाल सिंह को मामले से अवगत करा दिया गया। जिस पर शाम को करीब साढ़े छह बजे एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए और शव को उठाने दिया।