उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कोर्ट रोड स्थित जिम के ट्रेनर ने संदिग्ध हालात में सोमवार की देर शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोेतवाली सदर बाजार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली रामपुर मनिहारान के गांव इस्लामनगर निवासी सचिन की उम्र 28 साल थी। वह महानगर में कोर्ट रोड स्थित एक जिम में ट्रेनर था और पत्नी व बेटी के साथ कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में बृजेशनगर में किराए के मकान में रह रहा था।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि सचिन ने बृजेशनगर स्थित किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसके एक चार साल की बेटी है। पता लगने परिजनों में कोहराम मच गया और वह भी इस्लामनगर से सहानपुर पहुंच गए।
बताया जा रहा है सचिन रोजाना की तरह जिम गया था और शाम छह बजे छुट्टी करके अपने घर लौट गया था। इसके बाद ही उसने अचानक कमरा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। एसपी सिटी का कहना है कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिर भी पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।