- 15 मई को होगा रादौर में यात्रा का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। गुर्जर समाज को संगठित करने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने आदि उद्देश्य से छह दिवसीय गुर्जर गौरव यात्रा बुधवार यानि आज शुरू होगी। गांव टोडरपुर से शुरू होने वाली यात्रा का समापन गांव रादौर स्थित भरत विद्यापीठ इंटर कालेज में 15 मई को होगा। यात्रा में गुर्जर समाज के साथ ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के बड़े नेता भागीदारी करेंगे।
गुर्जर परियोजना प्रमुख डॉ. ओमकार सिंह और सह संयोजक चौधरी सफदर अली गुर्जर ने बताया कि गुर्जर गौरव यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी हरिपाल सिंह करेंगे।आशीर्वचन पद्मश्री ओमप्रकाश गांधी का रहेगा। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रमुख ईश्वर दयाल, प्रांत प्रमुख ओमपाल चौहान, मिर्जापुर मदरसे के मौलाना रशीद अहमद गुर्जर होंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा 11 मई को शाहजहांपुर पहुंचेगी। वहां किसान मजदूर इंटर कालेज सभा होगी।आशीर्वचन योग गुरु स्वामी कर्मवीर देंगे। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार, अति विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, विशिष्ट अतिथि नकुड विधायक मुकेश चौधरी होंगे। यात्रा के दौरान 12 मई को पब्लिक इंटर कालेज सांपला , 13 मई को राजेश पायलट कन्या इंटर कालेज नयागांव, 14 मई को गंगोह बाईपास स्थित सम्राट मिहिरभोज चौक पर सभाएं होंगी।
15 मई को भरत विद्यापीठ इंटर कालेज रादौर में आयोजित जनसभा में गुर्जर गौरव यात्रा सम्पन्न होगी। समापन कार्यक्रम में सपा के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी रुद्रसैन, आचार्य विरेंद्र विक्रम, आरएसएस के अखिल भारतीय सह प्रमुख अरुणकांत, पूर्व मंत्री एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, विधायक किरत सिंह आदि शामिल होंगे।