- नगर आयुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर चर्चा की
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर नगर निगम महानगर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरिष्ठ नागरिक पार्क बनाएगा। इसके अलावा ऐसा भवन तैयार किया जाएगा, जहां वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिक उपचार सहित अन्य सुविधाएं रहेंगी। इसी को लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने अपने कार्यालय में वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर उनके साथ चर्चा की।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर एक वरिष्ठ नागरिक पार्क विकसित करने पर चर्चा की। जहां सुबह-शाम वरिष्ठ नागरिक एकत्रित होकर योगा आदि के अलावा विचारों का आदान प्रदान कर सकें। इसके अलावा एक अन्य ऐसा स्थान भी स्मार्ट सिटी के तहत बनाया जाएगा, जहां वरिष्ठ नागरिकों को हेल्थ एटीएम के जरिए स्वास्थ्य जांच, साहित्य पढ़ने, अखबार पढ़ने आदि की सुविधा मिलेगी।
बैठक में सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष केएल अरोड़ा, डॉ. एसके अग्रवाल, आरके जैन, राकेश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, जीएस बवेजा, अजीत सिंह, आरके हांडा आदि मौजूद रहे।
गोशाला में तैयार उत्पादों को बेचेगा निगम
सहारनपुर। नगर निगम की कान्हा उपवन गोशाला में गोमूत्र और गोबर से अनेक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। नगर निगम इन उत्पादों को नागरिकों को बेचकर गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा। नगर निगम का गाड़ी मोहल्लों में जाकर उक्त उत्पादों को बेचेगी। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने मंगलवार को उक्त वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गोशाला में फिनाइल की तर्ज पर गोनाइल, जैविक खाद, गोबर स्टिक, चप्पल, दीये, हवन सामग्री, धूप बत्ती, शिव प्रतिमा, ऊॅं नाम की पटि्टका आदि तैयार कर रहा है।