सहारनपुर के बेहट में चैत्र नवरात्र के पहले दिन सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी परिक्षेत्र में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने घंटों लंबी लाइन में लगकर मां भगवती के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और मन्नतें मांगी। बाबा भूरादेव मंदिर पर भी भक्तों की लंबी लाइनें लगी रही।
रविवार को प्रथम नवरात्र एवं साप्ताहिक अवकाश होने के कारण शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इससे समूचा माहौल भक्तिमय हो गया।
मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं ने पहले लाइनों में लगकर बाबा भूरादेव को प्रसाद चढ़ाया और बाद में घंटो लंबी लाइनों में लगने के बाद मां शाकंभरी के दर्शन कर मन्नतें मांगी। कुछ श्रद्धालु लेट लेटकर भी माता के दरबार में शीश नवाने पहुंचे। इस दौरान लगाए गए माता के गगनभेदी जयकारों से समूची शिवालिक घाटी गुंजायमान हो उठी।
माता के दर्शनों के बाद भक्तों ने परिक्षेत्र में लगे भव्य मेले का भी आनंद उठाया और महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी भी की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला परिक्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात है। यह मेला चतुर्दशी पर्व तक आयोजित किया जायेगा। जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचेंगे।
प्रथम नवरात्र से श्री रूद्रचंडी महायज्ञ शुरू
प्रथम नवरात्र से भारतीय संस्कृति उत्थान समिति के तत्वाधान में सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी परिक्षेत्र में यात्री सेवा शिविर लगाया गया है। आयोजक पं. संजय प्रपन्नाचार्य, प. अंकुर शास्त्री आदि विद्वान पंडितों द्वारा विश्व शांति के लिए श्री रूद्रचंडी महायज्ञ भी प्रारंभ किया गया है।
जिसमें भक्तों की भारी भीड़ भाग ले रही है। शिविर में यात्रियों के निशुल्क ठहरने एवं भोजन की भी व्यवस्था है। शिविर में कुलदीप चौहान, निरजेश चौहान, अंशुल बंसल, प्रदीप चौहान, प्रियांशु सैन, निशांत बंसल, सौरभ राणा आदि सहयोगी रहे। शिविर का समापन 31 मार्च को श्री हनुमान जयंती पर्व पर महायज्ञ में पूर्णाहुति के बाद किया जायेगा।