सहारनपुर के नानौता में तीन दिन पूर्व मदरसे से गायब हुआ 12 वर्षीय छात्र नाटकीय अंदाज में रविवार को अपने दादा के साथ थाने पहुंच गया। जबकि इस मामले में छात्र के मामा द्वारा थाने पर उसके परिजनों के खिलाफ अपहरण की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
थाना गंगोह के गांव हमजागढ़ निवासी एक महिला का निकाह काफी वर्ष पूर्व हरियाणा के थाना घरोंडा क्षेत्र के गांव बडूली निवासी सुलेमान से हुआ था। बताया जाता है कि शादी के कुछ वर्ष बाद उसके पति की मौत होने के बाद महिला अपने एक बच्चे अनस के साथ मायके में आकर रहने लगी।
इसके कुछ दिनों बाद महिला की दूसरी शादी हो गई। जिसके बाद से बच्चा अनस कभी अपने दादा के पास तो कभी अपने ननिहाल में आकर रहने लगा था। बताया जाता है कि इसी बीच ननिहाल पक्ष के लोगों ने अनस को नानौता स्थित एक मदरसे में कक्षा दो में पढ़ने के लिए छोड़ दिया।
वह मदरसे में ही रहता था। इसके चलते तीन दिन पूर्व छात्र अनस किसी प्रकार से मदरसे से निकलकर नानौता से बस द्वारा हरियाणा स्थित गांव बडूली में अपने दादा के घर जा पहुंचा।
इधर, मदरसे में छात्र के गायब होने की सूचना पर छात्र के ननिहाल पक्ष के लोगों द्वारा इस मामले में बच्चे के अपहरण करने का आरोप उसके दादा पक्ष के लोगों पर लगाते हुए थाने पर तहरीर दी थी।
इसके बाद थाना पुलिस द्वारा हरियाणा के लोगों को थाने पर बुलवाया गया तो उसके दादा व चाचा छात्र अनस को अपने साथ लेकर थाने पहुंचे। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे का अपहरण न होकर वह अपने दादा के पास चला गया था।