सहारनपुर के गंगोह में 21 दिन बीतने के बावजूद पुलिस गांव मानपुर थली की महिला प्रधान की हत्या का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे गुस्साएं ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने कोतवाली में धरना-प्रदर्शन कर मामले के जल्द खुलासे और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
पुलिस द्वारा जल्द ही खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर पुलिस को तीन दिन का समय देते हुए धरना स्थगित कर दिया गया।
बता दें कि 31 मार्च की सुबह बदमाशों ने गांव मानपुर थली की महिला ग्राम प्रधान राकेश बाला की उसके घर में ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
हत्यारे कार में सवार होकर फरार हो गए थे। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस आज तक हत्यारों को पकड़ना तो दूर उनका सुराग तक नही लगा पाई है। इससे ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने दरी बिछाकर धरना आरंभ कर दिया। धरनारत ग्रामीणों का कहना था कि 21 दिन के बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे प्रधान का परिवार दहशत में है।
वक्ताओं ने पुलिस से मामले के जल्द खुलासे की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही हत्यारों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
वक्ताओं में राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व प्रदेश महासचिव सत्यपाल सिंह झबीरन, जिला पंचायत सदस्य चौधरी नक्षत्रपाल सिंह, अरविंद चौधरी, प्रधान वेदपाल सिंह, चौधरी रामबलि आदि शामिल रहे। कोतवाल योगेश शर्मा ने उन्हें समझाने का प्रयास किया परंतु वह नही माने।
बाद में सीओ इंदु सिद्धार्थ ने उन्हें बताया कि एसएसपी के निर्देशन में पुलिस की टीमें अपराधियों की तलाश में जुटी है और पुलिस हत्यारों के नजदीक है। उन्होंने शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाते हुए पीड़ित परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को ओर चुस्त दुरुस्त करने की बात कही।
इसके बाद तीन दिन का समय देकर धरना स्थगित कर दिया गया। दिवंगत प्रधान पुत्र नीरज कुमार, जेठ सेवाराम, साहब सिंह प्रधान, जय चंद प्रधान, ध्यान सिंह, बलराम सिंह, सतीश कुमार, रणधौल सिंह, धर्मवीर, पंकज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।