बेहट में एसडीएम से शिकायत करने पहुंचा अख्तर।
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। सरकारी तंत्र की लापरवाही का आलम यह है, कि एक जिंदा इंसान को मृत दर्शा कर उसका बीपीएल कार्ड निरस्त कर दिया। पिछले एक साल से राशन नहीं मिलने की ग्रामीण ने कोई शिकायत नहीं की, लेकिन लॉक डाउन में जब अपना और परिवार का पेट भरने का कोई दूसरा रास्ता नहीं रहा, तो राशन विक्रेता के पास जाने पर पता चला कि उसका राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया है। इससे आगे की पड़ताल की तो पता चला उसे मृत दर्शाकर उसका बीपीएल कार्ड निरस्त किया है।
ब्लॉक मुजफ्फराबाद क्षेत्र के गांव पाजराना का बुजुर्ग अख्तर अपनी फरियाद लेकर सोमवार को एसडीएम बेहट के पास पहुंचा और कहा साहब अभी मैं जिंदा हूं, लेकिन मुझे मृत दर्शाकर मेरा राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया है। यदि उन्हें खाने के लिए राशन नहीं मिला तो अब जरूर मर जाएंगे। एसडीएम ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन पीड़ित को दिया। उधर इस मामले में आपूर्ति निरीक्षक अश्वनी मिश्रा ने कहा वह पूरे मामले की जांच करेंगे।