संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बाढ़ से बर्बाद हुई फसल का जल्द मुआवजा दिलाने सहित अन्य मांगों को लेकर रालोद खेल प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार को ज्ञापन सौँपा। उन्होंने सरकार से किसानों के नलकूपों के बिजली बिल माफ करने की मांग की।
मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि मंडल के तीनों जिलों की चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ रुपये गन्ना मूल्य के बकाया हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ में किसानों की हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है, लेकिन अभी तक किसानों को कोई मुआवजा नहीं दिया गया। महानगर में जलभराव होने से कई लोगों के घरों में दरारें आई गई हैं, लेकिन प्रभावित लोगों को अभी तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
उन्होंने युवाओं को नौकरी दिलाने सहित अन्य मांग भी की। चौधरी अर्जुन सिंह, अरविंद मलिक और कमल सोनकर ने कहा कि पूरे जिले में अधोमानक दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाइयां धड़ल्ले से बिक रही हैं। प्रशासन इस पर जल्द कार्रवाई कर अंकुश लगाए। इस दौरान हरेंद्र सिंह, सरदार परमजीत सिंह, युद्धवीर सिंह, जगपाल सिंह, प्रदीप, शाहिद, तस्लीम अहमद, राजेश गुर्जर,दीपक जाटव आदि मौजूद रहे।