सहारनपुर के तीतरों में पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी ने यूजीसी नियमों को लेकर सरकार से गंभीरता से विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह विषय देश की राजनीति और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार को सभी वर्गों की भावनाओं को समझते हुए इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।
सभी वर्गों की भावनाओं का रखें ध्यान
रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि देश की जनता सरकार को आशा भरी नजरों से देख रही है। ऐसे में किसी भी कानून को लागू करने से पहले उसके सामाजिक और राजनीतिक प्रभावों पर चिंतन जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजीसी जैसे संवेदनशील विषय पर संतुलित निर्णय लिया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक के निधन पर जताया शोक
वह पूर्व विधायक डॉ. सुशील चौधरी के निधन पर तीतरों स्थित उनके आवास पहुंचीं और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि डॉ. चौधरी का राजनीतिक जीवन बेहद सरल और ईमानदार रहा तथा उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए काम किया।
जनता से जुड़े नेता के रूप में याद किए गए
रीता बहुगुणा जोशी ने बताया कि वर्ष 2002 में नकुड़ विधानसभा से निर्वाचित होने के बाद डॉ. सुशील चौधरी ने लोगों का विश्वास जीता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए। इस दौरान भाजपा नेता और परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।