साजिश के तहत निजी स्कूलों को बंद करा रही सरकार
गंगोह। उप्र मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ की बैठक में साजिश के तहत निजी स्कूलों को बंद कराने का आरोप सरकार पर लगाया गया।
बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि वर्तमान सरकार लॉकडाउन का हवाला देकर निजी स्कूलों के खिलाफ साजिश कर रही है। चुनावों में सरकार ने रैलियां भी की। बस केवल निजी स्कूलों को लेकर नियम कानून है। निजी स्कूल संचालकों की बैठक में नो फीस, नो प्रमोट, नो परीक्षा, बिना फीस के कोई भी परीक्षा नहीं कराने और बिना टीसी के बच्चों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि यदि किसी स्कूल संचालक ने बिना टी.सी. के प्रवेश लिया तो उस पर पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष केपी सिंह, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने कहा कि गत वर्ष लगाए गए लॉक डाउन के कारण स्कूल संचालक बच्चों से फीस भी नहीं ले सके हैं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बैठक में सरकार पर आर्थिक राहत पैकेज व मानदेय की पुरानी मांग नहीं माने जाने का आरोप भी लगाया गया। अध्यक्षता महीपाल सिंह व संचालन रामपाल सिंह ने किया। बैठक में मनजीत सैनी, विक्रांत शर्मा, गौरव शर्मा, महावीर, अंकित पुंडीर आदि ने भी संबोधित किया।