सहारनपुर में सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है, लेकिन जिले में सरकार के इस फरमान को धुआं बनाकर जमकर उड़ाया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन से लेकर बसों में जमकर बीड़ी, सिगरेट का धुआं उड़ाया जा रहा है। तंबाकू खाकर सड़क पर ही थूका जा रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पूरी तरह से वर्जित है। तंबाकू पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
लेकिन जिले में कुछ लोगों ने इस प्रतिबंध को ताक पर रख दिया है। तंबाकू और बीड़ी, सिगरेट से होने वाले नुकसान से सभी लोग परिचित हैं, लेकिन कुछ शान में और कुछ आदत से मजबूर होकर खुलेआम धूम्रपान कर रहे हैं।
कुछ युवाओं में सिगरेट का धुआं उड़ाना स्टेटस सिंबल बन गया है। बसों तक में धूम्रपान के लिए मना लिखा हुआ है लेकिन इस नियम की खिल्ली तो बस चालक और परिचालक ही उड़ा रहे हैं।
कुछ परिचालक स्वयं ही यात्रियों से भरी बस में बीड़ी पीते हैं। रेलवे स्टेशन के कोनों पर ही तंबाकू और पान की पीक इन प्रतिबंधों की खुलेआम मखौल उड़ाती नजर आ रहीं हैं।
चिकित्सक संजीव मिगानी के अनुसार विश्व में लगभग 50 लाख लोग तंबाकू और उससे संबंधित बीमारियों से ही मरते हैं। यही हाल रहा तो 2030 तक इनकी संख्या 80 लाख तक पहुंच जाएगी।
भारत में लगभग 12 करोड़ लोग तंबाकू का सेवन करते हैं और हर साल लगभग 10 लाख लोग तंबाकू के कारण मरते हैं। एक औसत सिगरेट से व्यक्ति की लगभग 5 से 6 मिनट की जिंदगी कम हो जाती है।
बाजार में दुकानों पर बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू खुलेआम बिक तो रही हैं ही, लोग दुकानों के सामने सार्वजनिक स्थानों पर ही खड़े होकर बीड़ी, सिगरेट का धुआं उड़ा रहे हैं। दुकानदारों पर प्रतिबंध लगाना होगा।