गोदाम में आग लगने से जला लाखों का माल
सहारनपुर। गांव मनोहरपुर में एक डेकोरेशन के सामान के गोदाम में आग लगने से करीब आठ लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया। गोदाम स्वामी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की दयाल कालोनी निवासी राजेश शादी और पार्टियों में डेकोरेशन का काम करते हैं। राजेश ने सोमवार को कोतवाली सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि दिल्ली रोड स्थित गांव मनोहरपुर में उसका गोदाम है। गोदाम में आठ से दस लाख रुपये का माल रखा हुआ था। शनिवार की रात किसी ने गोदाम में आग लगा दी। पता लगने पर वह भी पहुंच गए। लेकिन तब तक माल जलकर राख हो चुका था। दमकल विभाग की गाड़ियों को भी मौके पर बुलवाया गया था। राजेश ने कुछ लोगों पर गोदाम में आग लगाने का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी और पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उधर, शनिवार की सुबह शारदानगर में रज्जू की परचून की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान घनी आबादी में होने के चलते अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।