पुलिस ने हटवाए कब्जे, 200 वाहनों के काटे चालान
सहारनपुर। पुराने शहर में सड़कों पर किए गए कब्जों को हटाने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर सड़कें खाली कराईं। दुकान के बाहर बेतरतीब खड़े वाहनों के चालान काटे। दुकानदारों को पार्किंग में वाहन पार्क कराने के निर्देश दिए। सड़कों पर कब्जा करने वाले लोगों का भी चालान काटकर दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
अमर उजाला ने रविवार और सोमवार के अंक में पुराने शहर में नेहरू मार्केट, चौकी सराय, मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, चौकी सराय, प्रताप मार्केट, बोमंजी रोड, दालमंडी पुल सहित कई इलाकों में हुए सड़कों पर कब्जों को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। क्षेत्र के लोगों ने बताया था कि अवैध कब्जों को हटवाने के लिए कई बार पुलिस-प्रशासन से मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। समाचार प्रकाशित होने के बाद यातायात पुलिस और नगर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। इसके बाद घंटाघर से लेकर श्रीराम चौक, नेहरू मार्केट, जोगियानपुल, बोमंजी रोड से लेकर दालमंडी पुल तक अभियान चलाया गया। इसके तहत सड़कों से कब्जे हटवाए गए। यातायात पुलिस ने सड़क पर वाहन पार्क करने और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के करीब 200 चालान किए। यातायात प्रभारी पवन तोमर ने बताया कि अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
खाली नजर आई सड़कें
सहारनपुर। यातायात और नगर कोतवाली पुलिस ने घंटाघर से श्रीराम चौक, जोगियान पुल, बोमंजी रोड, दालमंडी और नगर कोतवाली तक सड़कों के दोनों तरफ हुए कब्जे हटवाए तो सड़कें खाली नजर आई, जबकि अन्य दिनों में यहां पैदल चलने वालों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ता था और जाम की स्थिति भी बनी रहती थी।
बोमन जी रोड से सड़क पर खडे वाहनो का चालान करते यातायात कर्मी- फोटो : SAHARANPUR
बोमन जी रोड से सड़क पर खडे वाहनो का चालान करते यातायात कर्मी- फोटो : SAHARANPUR