जनपद में 1335 बूथों पर बच्चों दी गई खुराक
28 मार्च तक चलेगा पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान
फोटो संख्या -1
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के 6.20 लाख बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने के लिए रविवार से पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की शुरूआत हुई। पहले दिन जनपद में 1335 बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों ने नौनिहालों को दो बूंद जिंदगी की रूप में पोलियो से बचाव के लिए ड्राप्स पिलाई गई। बूथ पर आने से वंचित रहे बच्चों को सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। यह अभियान आगामी 28 मार्च तक चलेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा बताया कि रविवार से पल्स पोलिया प्रतिरक्षण अभियान की शुरूआत की गई है। इसके लिए जिले में 1335 बूथ बनाए गए। सुबह से शाम तक इन बूथों पर शून्य से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए खुराक दी गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार से टीमें घर-घर जाकर छूट गए बच्चों को दवा पिलाएंगी। स्वास्थ्य टीमों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पोलियो अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिरोधी घरों पर अधिकारी खुद जाकर परिजनों को समझाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाएंगे। जो बच्चे बीमारी के कारण दवा नहीं पी पाते हैं, वहां चिकित्सकीय भ्रमण जरूरी है। उन्होंने कहा कि शून्य से पांच वर्ष की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।