निगम में पत्रकारो से वार्ता करते नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा दी जा रही सुविधाओं से आप कितना संतुष्ट हैं। इस पर आप अपना फीडबैक दे सकते हैं। फीडबैक क्यूआर कोड स्कैनर एप के जरिए दे सकेंगे। फीडबैक एक फरवरी से 29 फरवरी तक दिया जा सकेगा। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
नगर निगम पर जनता को बिजली, पानी, हवा, यातायात सुविधा, पार्क, सड़क, सीवर, नाली आदि की सुविधाएं प्रदान करता है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत सरकार तमाम सुविधाओं पर लोगों से फीडबैक ले रही है। शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि एमपीआई (म्युनिसपिल परफॉर्मेन्स इंडेक्स) और ईओएल (इज ऑफ लीविंग) के तहत किए जाने वाले इस फीडबैक के जरिए सरकार यह जानने का प्रयास करती है कि लोगों को दी जा रही सुविधाओं का स्तर क्या है। सरकार का मानना है कि शहरों में खासकर स्मार्ट सिटी के लिए चयनित शहरों में लोगों को विकसित देशों की तरह बुनियादी सुविधाएं दी जाएं। वर्तमान में दी जा रही सुविधाएं किस स्तर की हैं। यही जानने के लिए एक फरवरी से 29 फरवरी तक लोग स्वयं ही फीडबैक दे सकेंगे। इसके लिए नगर निगम शहर भर में बैनर और पोस्टर के जरिए अपना क्यूआर कोड सार्वजनिक करेगी। नगरवासियों को अपने मोबाइल पर क्यूआर कोड स्कैनर एप डाउनलोड कर उससे कोड को स्कैन करना होगा, जिसके बाद पूरा फॉरमेट मोबाइल पर खुल जाएगा। उसमें प्रदेश, शहर और अपना नाम व उम्र दर्ज करने के बाद सुविधाओं से जुड़े सवाल खुलेंगे, जिनके जवाब आपको देने होंगे। यह फीडबैक होगा। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 की तरह फीडबैक देने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) केे जल्द शुरू होने तथा कचरा निस्तारण की स्थाई व्यवस्था करने की बात कही। पत्रकार वार्ता में मुख्य अभियंता (निर्माण) बीके सिंह भी मौजूद रहे।