प्रेमी के घर पहुंची युवती, शादी कराने पर अड़ी
युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
नानौता। शादी रचाने की जिद पर अड़ी युवती रविवार देर रात प्रेमी के घर आ धमकी। प्रेमी के परिजनों द्वारा युवती को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवती के परिजनों को पता चला तो उन्होंने युवक के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी है।
नानौता थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का पड़ोसी जिले के एक गांव निवासी युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चला आ रहा है। रविवार की रात युवती अपने घर से बिना किसी को बताएं युवक के घर पहुंच गई। वह रात में ही प्रेमी के साथ शादी कराने की जिद पर अड़ गई। परेशान युवक के परिजनों ने रात में ही युवती को थाने पहुंचाया। लेकिन युवती अपने प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी रही। थाना पुलिस द्वारा इस मामले की जानकारी युवती के परिजनों को दी। उधर युवती के परिजनों द्वारा अपने क्षेत्र के थाने पर लड़की के अपहरण की नामजद तहरीर दे दी। सोमवार को दूसरे जिले की पुलिस नानौता थाने पहुंची और युवती सहित आरोपी युवक को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि वहां इस मामले में युवती व युवक को समझा बुझा कर दोनो पक्षों के बीच समझौते का प्रयास कराए जा रहे हैं।
उधर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती शादी की जिद पर अड़ी थी जिसे जलालाबाद पुलिस को सौंप दिया गया है। क्योंकि वहां युवती के परिजनों द्वारा उसके अपहरण की तहरीर दी गई थी।