संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेहटा। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में चल रही गर्ल्स क्रिकेट सीरीज के फाइनल मैच में गाजियाबाद की टीम ने मुरादाबाद को हरा कर ट्राॅफी पर कब्जा किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजियाबाद टीम ने वंशिका सैनी के 115 व उर्वशी के 55 रनों के सहयोग से 187 रनों का लक्ष्य प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने रखा। मुरादाबाद टीम की ओर से अक्षिता ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुरादाबाद टीम की खिलाड़ी गाजियाबाद टीम की तेज गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। फलस्वरूप गाजियाबाद टीम ने मुरादाबाद की पूरी टीम को 103 रनों पर समेट कर 84 रनों से मैच जीतकर सीरीज अपने नाम की।
विजेता टीम को अतिथियों ने ट्राॅफी प्रदान की। अंपायर आकाश व शुभम रहे। मैन ऑफ दा मैच व मैच ऑफ द सीरीज वंशिका सैनी, बेस्ट बॉलर ईशा कश्यप रहीं। इस दौरान आर्यन इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंध समिति के पदाधिकारी कुलदीप मित्तल, अंकुर अग्रवाल, निखिल आर्य, प्रधानाचार्या अमिता चौधरी रविश राठी, अंबरीश शर्मा, अनुज कपिल आदि मौजूद रहे।