संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद में नए सर्किल रेट जारी हो गए हैं। इसमें देहरादून चौक से जिला अस्पताल चौराहे तक जमीन, मकान और दुकान खरीदना सबसे अधिक महंगा हो गया है। हाईवे के किनारे खेती की जमीन के सर्किल रेट में 20 से 25 फीसदी की वृद्धि की गई है। नए सर्किल रेट एक मई से लागू होंगे।
दरअसल, भूमि के सर्किल रेट की प्रतिवर्ष समीक्षा होती है। इसमें महंगाई से लेकर भूमि के बाजार मूल्य आदि के आधार पर नए सर्किल रेट तय किए जाते हैं। जिले में नए सर्किल रेट तय करने के लिए सभी उपनिबंधकों से प्रस्तावित सर्किल रेट मांगे गए थे। इसके बाद निबंधन विभाग ने प्रस्तावित सर्किल रेट पर आपत्तियां मांगी थी। इसमें चार आपत्तियां आईं, इनके निस्तारण के बाद नए सर्किल रेट तय किए गए हैं।
इसमें देहरादून चौक से जिला अस्पताल चौक तक जमीन, मकान और दुकान खरीदना जनपद में सबसे मंहगा गया है। नए सर्किल रेट में यहां पर आवासीय जमीन का सर्किल रेट 1.55 लाख रुपये प्रतिवर्ग मीटर से बढ़ाकर 1.86 लाख रुपये हो गया है, जबकि व्यावसायिक जमीन का सर्किल रेट तीन लाख रुपये से बढ़ाकर 3.15 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर किया गया है। सर्किल रेट बढ़ने का सीधा असर आम आदमी पर होगा।