सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिक्त पदों के लिए 12 जून को होने वाले मतदान के दौरान निर्वाचन अधिकारियों से संबंधित गांवों में लोगों का टीकाकरण कराने के लिए भी कहा है।
उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों के लिए 12 जून को मतदान होगा, उसमें अधिक से अधिक लोगों को टीका भी लगवाएं और सभी ग्रामीणों को इसके लिए प्रेरित करें। ताकि सभी लोगों को टीका लग सके। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए और मास्क लगाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाए। जिस व्यक्ति को जो जिम्मेदारी सौंपी जाए, वह उसका भली प्रकार से निर्वहन करे, तभी संक्रमण की चेन को पूरी तरह से तोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक भी संदिग्ध और लक्षणयुक्त व्यक्ति मेडिकल किट से वंचित न रहे। निगरानी समितियों के माध्यम से लक्षणयुक्त व्यक्ति को तत्काल मेडिकल किट मुहैया कराते हुए उनका नाम, फोन नंबर, पता आदि की सूची तैयार कर एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में दर्ज कराई जाए। लोगों से अपील की है कि किसी भी जानकारी एवं सहायता के लिए एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के हेल्पलाइन नंबर 01322723971, 01322723344, 01322723345, 01322720888, 9389793202 एवं 9456002230 पर किसी भी समय संपर्क कर समस्या अथवा जानकारी से अवगत करा सकते हैं।