- पेयजल की लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से की जा रही खोदाई के दौरान फटी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। शनिवार की देर रात गैस की पाइपलाइन फटने के कारण गैस लीक हो गई। इससे आसपास की आबादी में तेजी से दुर्गंध फैल गई, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। गैस कंपनी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर टीम बुलाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद लाइन को ठीक किया जा सका। इसकी वजह से अनेक घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
नगर निगम का जलकल अनुभाग वार्ड 46 में हनुमान नगर के पास शकलापुरी मार्ग के साथ-साथ पानी के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहा है। इसके लिए जेसीबी से सड़क के साथ-साथ खोदाई की जा रही थी। शनिवार रात लगभग नौ बजे खोदाई करते हुए अचानक गैस की पाइपलाइन फट गई। इससे तेज आवाज के साथ गैस बाहर निकलने लगी। थोड़ी ही देर में आसपास के घरों तक गैस की दुर्गंध फैल गई। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
लाइन फटने के बाद खोदाई कर रहा मजदूर जेसीबी लेकर भाग गया। इसके बाद घरों में गैस की आपूर्ति बंद हो गई, जिससे चूल्हे बुझ गए। लोगों को लगा कि शायद ईंधन की किल्लत के कारण ऐसा हुआ है। लोग बाहर निकल आए तो पता चला कि गैस की लाइन फट गई है, जिससे तेजी के साथ गैस रिस रही है।
जयवीर नाम के व्यक्ति ने तुरंत कंपनी के अधिकारियों को फोन किया। इसके बाद टीम इमरजेंसी वाहन के साथ मौके पर पहुंची। तुरंत बैरीकेडिंग कर कॉलोनी का मुख्य मार्ग बंद कर दिया गया और आवाजाही पूरी तरह बंद की गई। एक कर्मचारी माइक लेकर बार-बार प्रतिबंधित क्षेत्र में न आने की अपील करता रहा। जो कह रहा था कि गैस लाइन फटी है कृपया दूर हट जाइए। घंटों की मशक्कत के बाद लाइन को ठीक कराया जा सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गैस की आपूर्ति बंद रहने के कारण अनेक घरों में चूल्हे नहीं जले। रात 11 बजे के बाद ही पाइप लाइन को ठीक किया जा सका।
महापौर भी मौके पर पहुंचे
महापौर डॉ. अजय कुमार भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से बात की। जब तक लाइन दुरुस्त होती तब तक वह मौके पर रहे। उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद ज्योति अग्रवाल और अन्य लोग भी रहे।
पहले भी हो चुका हादसा
करीब तीन वर्ष पहले दिल्ली रोड पर जेसीबी से खोदाई करते समय गैस पाइपलाइन फट गई थी, जिसमें आग भी लगी थी। इसके अलावा 24 मार्च 2026 को दिल्ली रोड स्थित एक रिसॉर्ट में गैस पाइपलाइन बिछाते समय लीकेज हो गई थी, जिससे आग लगी थी।
अवैध खनन के आरोपियों से बरामद डंपर।
अवैध खनन के आरोपियों से बरामद डंपर।
अवैध खनन के आरोपियों से बरामद डंपर।