-बेहट अड्डा के पास शालीमार गार्डन कॉलोनी में खोदाई करते समय फटी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बेहट अड्डा के पास शालीमार गार्डन कॉलोनी में खोदाई करते समय गैस की पाइपलाइन फट गई। गैस रिसाव होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लाइन को बंद किया गया।
क्षेत्रीय भाजपा पार्षद वीरसेन सिद्धू ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात बिजली विभाग की टीम लाइन भूमिगत करने के लिए शालीमार गार्डन में खोदाई कर रही थी। रात 12 बजे के बाद जब ज्यादातर लोग सो गए, तब खोदाई करते समय गैस की पाइपलाइन फट गई। इससे पूरे मोहल्ले में दुर्गंध फैल गई। जो लोग जाग रहे थे उन्होंने बाकी लोगों को भी बता दिया। इससे कई लोग मौके पर जमा हुए।
इस दौरान टीम गैस लाइन को बंद कर वहां से चली गई, लेकिन इससे शालीमार गार्डन, महाराजा गार्डन, मित्तल नर्सरी क्षेत्र, गीतांजलि विहार आदि के करीब 1500 घरों की गैस आपूर्ति बाधित हो गई। इसका पता शुक्रवार की सुबह तब चला, जब लोग जागे। इसके बाद गैस कंपनी को फोन किया गया। कंपनी के लोग सुबह करीब दस बजे पहुंचे, लेकिन शाम तक भी उन्हें लीकेज नहीं मिली। ऐसे में अनेक परिवारों के चूल्हे तक नहीं जले और उन्हें या तो तैयार भोजन खरीदकर खाना पड़ा या फिर गैस सिलिंडर की व्यवस्था करनी पड़ी।
- वर्जन
बेहट रोड क्षेत्र में विद्युत निगम का लाइन भूमिगत करने संबंधी कोई काम नहीं था। ऐसे में देखना यह होगा कि काम विद्युत निगम कर रहा था या कोई अन्य विभाग। यदि विद्युत निगम के द्वारा पाइपलाइन फटी है तो संबंधित से जवाब तलब किया जाएगा।
- गौरव कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम