सहारनपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गैंगस्टर, शराब तस्करी सहित अन्य मामलों में आठ आरोपियों की जमानत पुलिस ने निरस्त करा दी। जमानत पर रहने के दौरान अपराधों में सक्रिय रहने के चलते पुलिस ने यह कदम उठाया है। इनमें तीन आरोपी थाना कुतुबशेर क्षेत्र के ही हैं।
एसएसपी डॉ. एस चनप्पा के मुताबिक थाना कुतुबशेर गैंगस्टर में निरुद्ध ढोली खाल निवासी टीपू, आर्म्स एक्ट में आरोपी अहसान उर्फ घोड़ा निवासी एकता कॉलोनी और शाकिर उर्फ खच्चर निवासी ढोली खाल की जमानत निरस्त कराई। इनके अलावा नगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम में नामजद निजाम निवासी जाफर नवाज, कोतवाली देहात के महताब निवासी सलेमपुर भूकड़ी, चिलकाना थाना में हत्या के मामले में नामजद नाजिश निवासी घाटेड़ा, थाना बड़गांव में आबकारी अधिनियम में नामजद आरोपी जयवीर निवासी सावंत खेड़ी और थाना नकुड़ में गैंगस्टर के आरोपी दीपक कुमार निवासी चंद्रपाल खेड़ी की जमानत निरस्त कराई । एसएसपी ने कहा थाना प्रभारी जमानत पर जाने के बाद भी जो आरोपी अपराधों में सक्रिय हों या उनके सक्रिय होने की आशंका हो तो उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई के लिए गंभीर रहें।