मिर्जापुर। पुलिस ने अवैध खनन में संलिप्त माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। इन पर आरोप है कि ये यमुना नदी की भूमि पर निरस्त पट्टों में अवैध खनन कर राजस्व को भारी क्षति पहुंचा रहे हैं। प्रशासन माफिया द्वारा अवैध खनन से अर्जित की गई संपत्तियों को भी जब्त करेगा।
मिर्जापुर थाना पुलिस द्वारा पूर्व में दर्ज किए गए मुकदमों के आधार पर सादिक, बिलाल निवासी ग्राम अमादपुर, सुमित ग्राम महमूदपुर नगली, पवन निवासी ग्राम आरजी जोडियो थाना मिर्जापुर, जनार्दन निवासी ग्राम बहादुरपुर, छछरौली, जिला यमुनानगर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा कासिफ राव, रिहान, गुफरान निवासी ग्राम अलाउद्दीनपुर बांस, मुबारिक निवासी ग्राम मंझार आल्हापुर, दीक्षांत निवासी ग्राम आल्हानपुर थाना चिलकाना के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
आराेप है कि सभी आरोपी एक सुसंगठित अपराधी गिरोह के सदस्य हैं, जिसका गैंग लीडर अनसर निवासी अमादपुर है। यह गिरोह आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से लंबे समय से अवैध खनन में संलिप्त है। इनकी आपराधिक गतिविधियों से आमजन में भय व आतंक का वातावरण व्याप्त है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त 11 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। अवैध खनन से अर्जित की गई इनकी संपत्तियों को चिह्नित कर उनके जब्तीकरण की कार्यवाही भी शुरू की जाएगी।
बता दें, कि इससे पहले इसी साल मई माह में भी 35 खनन माफिया चिन्हित किए गए थे जिनके खिलाफ जिलाधिकारी द्वारा गैंगस्टर की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी। इनमें सबसे ज्यादा 19 बेहट, आठ चिलकाना, पांच सरसावा और तीन मिर्जापुर थाना क्षेत्र के माफिया शामिल थे।