सहारनपुर। रेलवे स्टेशन से पहले आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का नागल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का संपर्क हरियाणा के यमुनानगर में लकड़ी का काम के दौरान हुआ था।
पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 12 नवंबर की रात नागल रेलवे स्टेशन से पहले आउटर पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से डीजल चोरी हुआ था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को रेलवे रोड पुल के पास संदिग्ध पिकअप दिखाई दिया। इसमें डीजल से भरे 23 कैन मिले। 21 कैन में 40-40 लीटर और दो कैन में 60-60 लीटर डीजल भरा हुआ था। इसके अलावा तीन खाली कैन भी बरामद हुए। आरोपियों में अब्दुल्ला, जुल्फान निवासी मोहल्ला मिर्धान, फरमान निवासी मोहल्ला कस्यवान, दिलनवाज निवासी हलालपुर, जोगिंदर साहनी निवासी नया टोला मंगरू बारा जिला मोतिहारी और अवधेश साहनी निवासी भगवानपुर मोतिहारी बिहार शामिल है।
इनके कब्जे से 960 लीटर डीजल, तीन खाली कैन और एक पिकअप गाड़ी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करते थे। चोरी का तेल अब्दुल्ला को बेच देते थे। इससे सभी को अच्छा मुनाफा होता था। आरोपियों ने चार-पांच दिन पहले पिलखनी में खड़ी ट्रेन के जनरेटर से भी करीब 180 लीटर डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस इस गिरोह की अन्य घटनाओं और चोरी तेल के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
डीजल चोरी करने का तरीका
कई बार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खाली नहीं होने की वजह से ट्रेनें आउटर पर खड़ी हो जाती हैं। ऐसी का फायदा आरोपी उठाते थे। ट्रेन के पीछे की तरफ इंजन होता है। इसी इंजन के जनरेटर से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। पिलखनी और नागल में घटनाएं रात के समय की गई, ताकि कोई देख न सके। दो आरोपी जनरेटर से डीजल निकालते थे, जबकि दो निगरानी के लिए खड़े रहते थे। दो आरोपियों का काम कैन को पकड़ना था।
-
लकड़ी का काम करते समय हुई मुलाकात
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में दो आरोपी बिहार के रहने वाले हैं, जबकि चार आरोपी सहारनपुर के हैं। इनकी मुलाकात हरियाणा के यमुनानगर में लकड़ी का काम के दौरान हुई थी। यह आरोपी हरियाणा और बिहार में मिलकर डीजल चोरी की घटना कर चुके हैं। इनमें कोई भी पढ़ा लिखा नहीं है।