- फोरेक्स और प्रूडेंट एकेडमी के नाम पर हड़पी रकम, दंपती समेत तीन पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग और मल्टीलेवल मार्केटिंग के नाम पर पांच करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि फोरेक्स व प्रूडेंट एकेडमी के नाम पर लोगों से रकम हड़पी। मामले में कुतुबशेर पुलिस ने दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुद्वारा रोड निवासी पीड़ित गौरव सचदेवा ने बताया कि करीब तीन साल पहले कुरुक्षेत्र के रहने वाले अमित कश्यप ने अपने कार्यालय में ऑनलाइन ट्रेडिंग सिखाने के नाम पर बुलाया था। 10,500 रुपये फीस ली थी। इसके बाद एमएलएम योजना के तहत लेवल इनकम, रिवॉर्ड इनकम और क्लब इनकम का झांसा देकर लोगों से फीस वसूली गई। सहयोगियों विशाल वाड्रा, मुकुल त्यागी और पत्नी शिप्रा कश्यप की मिलीभगत से कुरुक्षेत्र में फोरेक्स एकेडमी शुरू की गई।
हरियाणा में शिकायतें बढ़ीं और मामला लाडवा थाने में दर्ज हुआ तो टीम ने समझौता कर कार्यालय बंद कर दिया। इसके बाद चंडीगढ़ के जीरकपुर में नया ठिकाना बना लिया। पीड़ित ने यह भी बताया कि चंडीगढ़ के बाद देहरादून में डायमंड प्लान नाम से निवेश स्कीम चलाई गई, जिसमें फिक्स्ड रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये की वसूली की गई। 13 अगस्त 2023 को मुजफ्फरनगर के गुप्ता रिसॉर्ट में प्रूडेंट एकेडमी का कार्यक्रम हुआ, जिसमें एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
आरोप है कि कार्यक्रम के बाद धोखाधड़ी की स्कीम और तेज हो गई। 29 अगस्त 2023 को निवेशकों ने देहरादून स्थित इनके किराये के फ्लैट से अमित कश्यप और मुकुल त्यागी को उठा लिया था, जिसके बाद थाना रायपुर में केस दर्ज हुआ था। ठगी के बाद जब कोई संपर्क नहीं हुआ तो पीड़ित ने सोशल मीडिया पर उन लोगों के खिलाफ पोस्ट डालीं। इसके बाद शिप्रा कश्यप ने उल्टा पीड़ित के खिलाफ ही शिकायत दर्ज करा दी। अब इस मामले में पुलिस ने अमित कश्यप, उनकी पत्नी शिप्रा कश्यप और मुकुल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।