चिलकाना (सहारनपुर)। गांव बहादरा के ग्रामीणों से बीमा पॉलिसी के नाम पर गांव के ही युवक ने करीब 32 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ग्रामीणों ने थाना चिलकाना में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई तथा पैसे वापस दिलाने की मांग की।
थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव बहादरा के ग्रामीणों ने दी तहरीर में बताया गांव का ही एक युवक पिछले छह साल से गांव के सुशील पुत्र राम सिंह, मीनाक्षी, मुस्तफा, सोमबीर, राजकुमार, विनोद कुमार नजमा, ताहिरा सहित लगभग 34 लोगों से एक प्रतिष्ठित बीमा कंपनी के नाम पर लगभग 32 लाख रुपये बीमा पॉलिसी करने नाम पर ले चुका है। ग्रामीणों ने जब रुपये जमा की रसीद और पालिसी बीमा का बांड मांगा तो हर बार यह कह देता था कि यह सब डाक द्वारा आपके घर पहुंच जाएगा। आरोप है कि पिछले छह सालों से वह ग्रामीणों से बीमा पालिसी की किस्त लेता रहा। जब ग्रामीणों ने आपस में चर्चा की तो उन्हें पता चला कि सभी युवक की ठगी का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीण पिछले एक माह से युवक के घर पर चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वह हर बार भरोसा देता रहा कि जल्द ही उनके पैसे वापस कर देगा। अब युवक ने पैसे देने से साफ मना कर दिया और कहा बीमा कंपनी पैसे लेकर भाग गई है। सभी पीड़ितों ने थाना चिलकाना पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई व अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है। थाना चिलकाना प्रभारी बीएस वर्मा ने कहा कि इस मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।