जैन कॉलेज रोड स्थित अपने कार्यालय पर ठगी का शिकार हुए सूरेश सलूजा पुलिस को जानकारी देते हुए।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। वाहनों के पहिए में हवा भरने वाली मशीन बेचने के नाम पर ऑनलाइन ठगी की जा रही है। ठगी का शिकार हुए व्यापारी ने दोबारा मशीन बुक करा दी और डिलीवरी लेकर आए सेल्समैन को बैठा लिया। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके साथ ही कंपनी के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी गई।
जैन कॉलेज रोड पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल महानगर उपाध्यक्ष सुरेश सलूजा का कार्यालय है। उन्होंने बताया कि कार के पहिए में हवा भरने के लिए उन्होंने ऑनलाइन मशीन बुक कराई थी। मशीन की कीमत 1500 रुपये बताई गई थी। सेल्समैन डिलवरी लेकर आया और उन्होंने उसे रुपये देकर मशीन ले ली, लेकिन जब डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें घटिया किस्म की 200 से 300 रुपये वाली कीमत की खराब मशीन भेजी गई, जो मशीन ऑनलाइन दिखाई गई थी, वह मशीन नहीं थी। एक बार वह ठगी का शिकार हो गए। इसके बाद उन्होंने दोबारा किसी अन्य व्यक्ति के नाम से मशीन बुक कराई। शनिवार को जैन कॉलेज रोड स्थित कार्यालय पर सेल्समैन मशीन लेकर पहुंचा तो उन्होंने पकड़कर बैठा लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। सेल्समैन ने पुलिस बताया कि वह डिलीवरी देने वाली कंपनी में काम करता है। मशीन कहां से आती है, इसकी जानकारी उसे नहीं है, उसका काम सिर्फ ग्राहक तक सामान पहुंचाने का है। इसके बाद मामला कोतवाली सदर बाजार पहुंच गया, जहां पर डिलीवरी कंपनी के अन्य अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस के सामने कंपनी के अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर सुरेश सलूजा की ओर से हवा भरने वाली मशीन बनाने वाली कंपनी के खिलाफ तहरीर दी गई। इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।