सहारनपुर। ठेके पर देने के बाद भी सफाई व्यवस्था सुधर नहीं रही है। मंगलवार को पहुंची दस शिकायतों में सबसे अधिक चार गंदगी से संबंधित रही। हालांकि उनका निस्तारण करा दिया गया। बाकी छह के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
वार्ड 20 के प्रकाश प्लॉजा निवासी प्रमोद सैनी ने प्लॉजा के निकट गंदगी फैली होने, वार्ड 33 रोहित विहार निवासी यशवीर सिंह ने शंकर इंटर कॉलेज के पास सफाई नहीं होने, वार्ड 63 राजपूत कॉलोनी निवासी नसीब खान ने कॉलोनी में गंदगी होने और वार्ड 67 महफूज गार्डन की सुरैया ने भी गंदगी की शिकायत की। अपर नगर आयुक्त सूरज कुमार यादव ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों व सफाई मित्रों को भेजकर सफाई कराते हुए चारों समस्याओं का निस्तारण कराया।
वार्ड 21 कपिल विहार निवासी अनमोल ने बर्फ फैक्टरी वाली गली में स्ट्रीट लाइटें खराब होने और वार्ड 66 नदीम कॉलोनी निवासी कमल इकबाल ने मेला गुघाल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत की। पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का निदान कराने को कहा गया। वार्ड 52 मंगलनगर निवासी प्रवीर मोहन ने मंगल नगर में पेड़ों की छंटाई कराने की मांग की। वार्ड 55 कोर्ट रोड निवासी राकेश कुमार ने कोर्ट रोड पर ग्रिल बैकर के पास और इसी वार्ड के चंद्रनगर निवासी ओमप्रकाश ने चंद्रनगर के पार्क में पेड़ों की छंटाई के लिए प्रार्थना पत्र दिए। इस पर अपर नगर आयुक्त ने उद्यान अधिकारी को स्थल निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।