सहारनपुर। तीन दिन पहले पटरी से पैसेंजर ट्रेन के पहिये उतरने के मामले में खानआलमपुरा यार्ड मास्टर समेत चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया शुक्रवार को सहारनपुर पहुंचे और यहां कर्मचारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
मंगलवार को अस्पताल पुल के नीचे खानआलमपुरा यार्ड से आ रही पैसेंजर ट्रेन के पहिये पटरी से उतर गए थे। इसके बाद आनन-फानन में पहिये पटरी पर लाए गए थे। इसी घटना को लेकर अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया सहारनपुर पहुंचे। इसमें लापरवाही मानते हुए खानआलमपुरा यार्ड मास्टर, केबिन मैन, प्वाइंट मैन और सिग्नल टेलीकॉम कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा करने का जो समय निर्धारित किया गया है, उसके भीतर पूरा हो जाना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा कि अब तक 70 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा अधिकारियों से भी कार्यों का फीडबैक लिया। इस दौरान अंबाला व सहारनपुर रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।