संवाद न्यूज एजेंसी
नकुड़/ चिलकाना/ नकुड़ और चिलकाना पुलिस ने अलग अलग चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 815 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामद की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1165 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नकुड़ सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के आरोपी अशजद उर्फ सादा निवासी गांव नवाजपुर, थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 510 ग्राम स्मैक बरामद की। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का इतिहास खंगाला जा रहा है। आरोपी अशजद के खिलाफ थाना गंगोह में एनडीपीएस एक्ट में दो प्राथमिकी दर्ज हैं। उधर, सीओ सदर पवन कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दौलतपुर से दभेड़ा कला जाने वाले रास्ते पर दो लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी में साजिद निवासी ग्राम दभेड़ के कब्जे से 265 ग्राम और अनीस निवासी ग्राम दभेड़ा के पास से 18 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी साजिद के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस ने गांव दुमझेड़ा निवासी अमजद उर्फ टीटू को 20 ग्राम स्मैक के साथ दुमझेड़ा से घोड़ोपीपली जाने वाले मार्ग से पकड़ा है। पुलिस ने अमजद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।