सहारनपुर के गंगोह के गांव कुंडाकला में बुखार ने एक बार विकराल रूप धारण कर लिया है। बुखार की तीव्रता के चलते बीते 24 घंटे में एक 14 वर्षीय किशोरी सहित चार लोगों की मौत हो गई है।
इससे ग्रामीणों में कोहराम मच गया। गांव कुंडाकला निवासी सुक्कड़ पुत्र लियाकत पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित चल रहा था। उसका उपचार सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा था।
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा याकूब मिस्त्री पुत्र लतीफ, खालिद मल्लाह की बेटी खालिदा और जिल्ला के दस वर्षीय लडके की भी बुखार आने के बाद मौत हो गई। एक साथ हुई मौतो से गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं ग्रामीणों में एक बार फिर बुखार की दहशत पैदा हो गई है। गांव का एक प्रतिनिधिमंडल हाफिज रागिब रसीदी के नेतृत्व में अतिशीघ्र जिलाधिकारी और सीएमओ से मिलकर विशेष अभियान चलवाने की मांग करेगा ताकि इस समस्या से जल्द ही छुटकारा मिल जाए अन्यथा हालात खराब हो जाएंगे।
सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी ने मौतों से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि गांव में पीएचसी बन चुकी है। स्टाफ की कमी के चलते चिकित्सक तैनात नहीं किया जा सका था।
जल्द ही गांव में चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने टीम भेजकर जांच कराने और अभियान चलाने का भी आश्वासन दिया है।