चार कोरोना पॉजिटिव मिले, मोहल्ला तक सील नहीं किया
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला दीवान (महल) में 4 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को टीम भेजकर पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज कराया। इससे पहले एक भी संक्रमित केस मिलने के बाद गली को सील कर दिया जाता था।
सीएचसी इंचार्ज डॉ. इंद्राज सिंह ने बताया कि मोहल्ला दीवान (महल) में 9 जून को दिल्ली से चार वयस्क और दो बच्चों का एक परिवार आया था। बृहस्पतिवार की रात्रि आई रिपोर्ट में चारों वयस्क कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिन्हें कोविड अस्पताल भरती कराते हुए दोनों बच्चों को सहारनपुर स्थित आईआईटी में क्वारंटीन कर दिया गया। हालांकि मुहल्ला सील नहीं किया गया है। ईओ विनोद कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर सिर्फ मरीजों के घर, गली व मोहल्ले में सैनिटाइजेशन कराया गया है। उक्त कोरोना पॉजिटिव केसों को प्रवासी माना गया है, क्योंकि यह परिवार दिल्ली में रह कर दर्जी का काम करता है। उनके पास वहीं के आधार कार्ड हैं। उक्त मरीजों की गिनती देवबंद में नहीं जोड़े जाने पर प्रशासन और नगरवासियों ने भी राहत की सांस ली है।
15 दिन बाद मिले हैं कोरोना के चार पॉजिटिव प्रवासी
देवबंद। नगर में पूर्व में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 103 के करीब पहुंच गया था, लेकिन 2 मई के बाद से कोई भी स्थानीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला। हालांकि बाद में प्रवासी मजदूरों के कुछ केस आए थे। 29 मई के बाद से देवबंद में कोई नया मामला नहीं आने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग राहत महसूस कर रहा था। परंतु 9 जून को दिल्ली से आए एक परिवार के चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन कुछ टेंशन में आया, लेकिन राहत तब महसूस की जब उनको नगर के कोरोना पॉजिटिव में शामिल नहीं किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने लिए 71 लोगों के रेंडम सैंपल
चिलकाना। जिला स्तरीय मेडिकल मोबाइल यूनिट टीम ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सीएचसी सरसावा के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि गांव पटनी 45 तथा गांव सीकरी खुर्द में 26 लोगों के रेंडम सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। टीम में डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. जयप्रकाश शर्मा, अंकित कुमार, सुनील कुमार, विवेक, निक्सन चौधरी, सरिता चौधरी आदि थे।