सहारनपुर में देहात कोतवाली और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पकड़े भ्रूण लिंग की जांच करने वाले आरोप
सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने गांव बालपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ एक मकान पर छापा मारकर भ्रूण लिंग की जांच करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। स्वास्थ्य विभाग ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इनके पास पांच फोन, स्कैनर, एक डिब्बी अल्ट्रासाउंड में इस्तेमाल होने वाली जैल की डिब्बी, एक कार और 78 हजार रुपये बरामद हुए।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि देहात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान में गर्भवती महिलाओं के गर्भ में भ्रूण लिंग जांच की जा रही है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर छापा मारकर चार आरोपियों को पकड़ा। स्वास्थ्य विभाग से टीम में डिप्टी सीएमओ कुनाल जैन शामिल रहे। टीमों ने मनोज पुत्र रतन सिंह निवासी हल्लू माजरा थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार उत्तराखंड, रवि सैनी पुत्र भरत सैनी निवासी वजीरपुर कोतवाली गंगोह, जगन्नाथ पुत्र कमल सिंह निवासी खेरसाल कोतवाली गंगोह, अनंगपाल निवासी ततारपुर कलां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियाें ने बताया कि वह काफी समय से अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड के जरिए जांच कर रहे थे। फिलहाल पुलिस यह भी पता कर रही है कि इस गिरोह के संपर्क में कौन-कौन है। बताया जा रहा है कि इनके संपर्क में कुछ दलाल भी है, जिनका पता किया जा रहा है।
पुलिस ने सुनियोजित तरीके से पकड़े आरोपी
सहारनपुर। पुलिस ने भ्रूण लिंग की जांच करने वाले चार आरोपियों को सुनियोजित तरीके से पकड़ा है। पुलिस ने एक महिला को जांच कराने के लिए भेजा था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने छापा मार दिया। आरोपी हरियाणा, सहारनपुर, उतराखंड की गर्भवती महिलाओं की भ्रूण लिंग की जांच करते थे। इसके लिए आरोपियों ने एजेंट भी छोड़ रखे थे। पूर्व में भी जिले में भ्रूण लिंग जांच करने वाले कई आरोपी पकड़े गए। हर बार पुलिस की ओर से कार्रवाई होती है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग को इनकी भनक तक नहीं लगती। संवाद