सहारनपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। पुलिस भी मास्क न लगाकर बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई कररही है। शहर में रोजाना 500 से अधिक चालान किए जा रहे हैं। कार्रवाई से बचने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं, लेकिन यह भूल रहे हैं कि मास्क कोरोना के संक्रमण से बचाता है। पुलिस के मुताबिक, कोई कहता है कि सर अभी कुछ दूरी पर ही उनका मास्क गिर गया। कोई कहता है कि हम तो जल्दबाजी में मास्क लगाना भूल गए। कोई कहता है कि मास्क कार में रखा है। वह तो बस कुछ समय के लिए खरीदारी करने आए थे। ऐसे ही लोगों से बातचीत की, देखिए कैसे-कैसे बहाने लोग बनाते नजर आए।
जल्दबाजी में घर भूल गई
शाम - 6:15 बजे
सदर बाजार थाना तिराहा पर एक महिला स्कूटर पर जा रही थी। उसके पीछे एक बच्चा और महिला बैठे थे। स्कूटी चला रही महिला से मास्क नहीं लगाने के बारे में पूछा गया तो कहने लगीं की जल्दबाजी में मास्क घर पर भूल गई, लेकिन नियमित रूप से मास्क का इस्तेमाल करती हूं।
कैमरा चला तो जेब से निकालकर लगाया मास्क
शाम -- 6:30 बजे
दीवानी कचहरी तिराहा के पास पैदल जा रहे एक युवक को रोका गया, युवक ने अपना नाम बताने से मना कर दिया, लेकिन जब उससे पूछा कि मास्क क्यों नहीं लगाया, तो बोला कि कुछ दूरी पहले ही मास्क उतारा है। कैमरा चला तो युवक ने जेब से निकालकर मास्क लगा लिया।
घर भूल गए, अब दोबारा नहीं करेंगे यह गलती
शाम 6:50 बजे
हकीकतनगर चौक के पास स्कूटर से जा रहे एक बुजुर्ग भी बिना मास्कर लगाए घूम रहे थे, जब उनसे पूछा गया तो वह कहने लगे कि मास्क घर पर भूल गए हैं, लेकिन दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी। इतना कहकहर बुजुर्ग तुरंत अपना स्कूटर स्टार्ट कर वहां से निकल गए।
हवा की वजह से गिर गया मास्क
शाम -- 7:10 बजे
कोतवाली सदर बाजार मार्ग पर दंपत्ति वाहन से जा रहा था। विवाहिता ने मास्क लगा रखा था, लेकिन पति ने मास्क नहीं लगाया था। पूछा तो वह कहने लगे कि अभी कुछ दूरी पर हवा की वजह से उनका मास्क निकलकर गिर गया है। इसी तरह अनेक जगहों पर लोगों ने विभिन्न बहाने बनाएं।
बढ़ रहा खतरा फिर भी शारीरिक दूरी और मास्क लगाने से गुरेज
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण दोबारा सांसों को सांसत में डाल रहा है। बावजूद इसके शहर में आलम यह है कि लापरवाही कम नहीं हो रही है। लोग न ही मास्क लगा रहे हैं और कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा है। सैनिटाइजर का इस्तेमाल भी कम हो गया है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने पर रविवार को महानगर की स्थिति देखी तो कई जगहों पर सामाजिक दूरी और कोविड की गाइडलाइन का उल्लंघन होता मिला। शहर के घनी आबादी वाले इलाके श्रीराम चौक के आसपास की दुकानों पर बिना सोशल डिस्टेंसिंग के लोग खरीदारी करते हुए मिले। इनमें से बड़ी संख्या में लोगों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। ऐसी स्थिति नेहरू मार्केट, शहीदगंज बाजार, मोरगंज बाजार, रायवाला, चौक फव्वारा, कोर्ट रोड और दिल्ली रोड पर भी देखने को मिली, जहां पर लोग बिना मास्क लगाए ही बाजारों में निकल रहे हैं और शारीरिक दूरी का भी पालन भी नहीं किया जा रहा है।
पहले से कम हुई सैनिटाइजर और मास्क की बिक्री
किशनपुरा के दवा विक्रेता राजीव मल्होत्रा का कहना है बीते वर्ष जब कोरोना संक्रमण की शुरूआत हुई तो लोगों ने काफी एहतियात बरती। इसके बाद लोग मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहे, लेकिन बीते दो माह में मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री 30 प्रतिशत कम हो गई है।
सात दिन में आए कोरोना संक्रमण के मामले
27 मार्च ---- 97
28 मार्च -------14
29 मार्च ------04
30 मार्च -----12
31 मार्च ------51
01 अप्रैल -----26
02 अप्रैल -----20
03 अप्रैल -----48
सात दिन में पुलिस की कार्रवाई
तारीख------चालान---------जुर्माना
27 मार्च-----717------------87500
28 मार्च-----416------------51860
29 मार्च-----550------------52637
30 मार्च-----493------------46476
31 मार्च-----774------------94200
01 अप्रैल---1967-----------213400
02 अप्रैल---1240-----------95367
03 अप्रैल---994------------61854
-लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लोगों को शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए तमाम कवायद की जा रही हैं। --- अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी
-मास्क न लगाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कार्रवाई जारी है। इसके अलावा दुकानों में भीड़ लगाने और सामाजिक दूरी का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। -- डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी
थाना सदर और से आता बिना मास्क के आता परिवार पर पुछा मास्क तो बाहने बनाता नजर आया परिवार- फोटो : SAHARANPUR
हकीकत नगर की और से आता बिना मास्क के आने पर पुछा मास्क तो बाहने बनाता नजर आया- फोटो : SAHARANPUR
नेहरू मार्केट मे बिना मास्क खरीदारी करते लोग- फोटो : SAHARANPUR
नेहरू मार्केट तिब्बत बाजार मे बिना मास्क खरीदारी करते लोग व बिना मास्क के खड़े दुकानदार- फोटो : SAHARANPUR