सहारनपुर। बेहट रोड के चौड़ीकरण के कारण सड़क के बीच आए पेड़ों को हटाया नहीं गया है। इसकी वजह से सड़क हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
दरअसल, गांव रसूलपुर से गंदेवड़ तक बेहट रोड का चौड़ीकरण किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर डिवाइडर बनाने के साथ ही दोनों साइड की सड़कों को चौड़ा किया गया है। इसकी वजह से कभी सड़क किनारे रहे पेड़ और खंभे सड़क के बीच आ गए हैं। ज्यादातर हिस्से से खंभे और पेड़ हटा दिए गए हैं, लेकिन देवला से रसूलपुर तक अनेक पेड़ ऐसे हैं, जो नहीं हटाए गए हैं। चक देवली, गोपालपुर और साईं मंदिर के आसपास कई पेड़ सड़क पर दो से तीन फीट तक अंदर हैं। इनकी वजह से कभी भी सड़क हादसा हो सकता है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पेड़ों को हटाने के लिए वह वन विभाग को दो साल पहले पैसा दे चुके हैं। वन विभाग द्वारा पेड़ हटाने का टेंडर भी किया जा चुका है। बताया गया है कि कुछ पेड़ों के ऊपर से बिजली की लाइन जाने की वजह से हटाने में परेशानी आ रही है।
-
सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूरा करा लिया गया है। पेड़ हटाने के लिए वन विभाग को पैसा दिया जा चुका है। ज्यादातर हिस्से से पेड़ हटाए जा चुके हैं। जानकारी मिली है कि कुछ जगहों पर बिजली के तार होने की वजह से पेड़ हटाने में समस्या आ रही है।
धर्मेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
बेहट रोड से पेड़ हटाने की स्थिति की सही जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी और पेड़ नहीं हटने का कारण पता कराया जाएगा। प्रयास यही रहेगा कि जो भी पेड़ सड़क पर आ रहे हैं उन्हें हटवाकर मार्ग साफ कराया जाए।
चांदनी सिंह, डीएफओ