चिलकाना। खाद्य विभाग के क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे महाप्रबंधक ने धूप में सुखाने के लिए डाले गए गेहूं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रभारी को साफ सुथरा अनाज खरीदने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार दोपहर चिलकाना मंडी समिति परिसर में चल रहे गेहूं क्रय केंद्र पर खाद्य विभाग के महाप्रबंधक एचएस धालीवाल, डिप्टी आरएम आरपी पटेल, मंडी सचिव सहारनपुर सुमन भारती पहुंचे। उन्होंने खाद्य विभाग के तीन क्रय केंद्रों के स्टॉक तथा अन्य प्रपत्रों की जांच की। उन्होंने मंडी परिसर में धूप में फैलाई गई गेहूं का निरीक्षण किया। मैदान में पड़ी हुई गेहूं को देखकर अधिकारी आश्चर्यचकित हो गए।
उन्होंने देखा कि वहां पर पड़ी गेहूं बिल्कुल खराब स्थिति में थी। अधिकतर गेहूं के दाने काले एवं हरे रंग के थे। इस बारे में उन्होंने केंद्र प्रभारी से कहा कि जब तक अनाज बिल्कुल साफ सुथरा न हो, तब तक खरीद न की जाए। जीएम एचएस धालीवाल ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को अपना अनाज लेकर केंद्र पर पहुंचना चाहिए। इस दौरान धान खरीद केंद्र प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह, इरफान अली, शैलेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।