कोहरे के कारण मंगलवार को रामपुर मनिहारान स्टेशन पर कुछ ऐसा नजारा रहा। संवाद
सहारनपुर। कोहरे और ब्लॉक ने ट्रेनों की गति पर ब्रेक लगा दिया है। मंगलवार को जनसेवा एक्सप्रेस समेत 16 ट्रेनें निरस्त रहीं, जबकि पांच ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों लेट आईं। निरस्तीकरण व लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन दिनों अलग-अलग रेल खंडों में ब्लॉक लेकर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। मंगलवार को 12587 गोरखपुर-जम्मूतवी अमरनाथ 4:22 घंटे, 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस 1:56 घंटे, 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ सुपरफास्ट 2:48 घंटे लेट पहुंची। 22446 अमृतसर-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट दो घंटे, 15012 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस एक घंटे लेट आई। ट्रेन नंबर 64502 अंबाला कैंट-सहारनपुर मेमू, 14617-18 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस निरस्त रही। दिल्ली-जालंधर सिटी सुपर एक्सप्रेस अंबाला तक संचालित हुई। यह ट्रेन अंबाला और जालंधर के बीच निरस्त रही। लेट आने वाली ट्रेनों का रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों के निरस्त होने की वजह से संचालित ट्रेनों पर दबाव बढ़ गया है।