शांकभरी में बाढ़ में फंसी मैजिक की छत पर आए यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर के बेहट में शिवालिक पहाड़ियों पर हुई भारी बारिश के कारण अचानक शाकंभरी खोल उफान पर आ गई। इससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की एक टाटा मैजिक नदी की धार में फंस गया।
श्रद्धालुओं ने मैजिक के ऊपर चढ़कर अपनी जान बचाई। करीब एक घंटा बाद पानी कम होने पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया। इसके अलावा नदी के बीच श्रद्धालुओं के कई वाहन भी धंस गये। जिन्हें ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया।
बुधवार को करीब 12 बजे शिवालिक पहाड़ियों पर हुई मूसलाधार बारिश के बाद शाकंभरी खोल अचानक उफान पर आ गई। इससे मंदिर परिक्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। श्रद्धालुओं ने आनन-फानन में इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
इस दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक टाटा मैजिक नदी के बीच फंस गई। जिसके बाद श्रद्धालु मैजिक के ऊपर चढ़ गए और मदद की गुहार लगाने लगे। कुछ लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह हिम्मत नहीं जुटा पाए।
इस बीच श्रद्धालुओं की सांसे अटकी रही। करीब एक घंटा बाद पानी कम होने पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा खोल में कई श्रद्धालुओं का टेंपो एवं कार आदि वाहन धंस गये। जिन्हें काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर द्वारा निकाला गया।
करीब डेढ़ घंटे तक सैकड़ों श्रद्धालु सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी एवं भूरादेव मंदिर परिक्षेत्र में फंसे रहे। पानी कम होने के बाद ही श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। शाकंभरी खोल में उफान आने से गांव हुसैनमलकपुर एवं शाहपुर के ग्रामीणों का भी करीब एक घंटे तक तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। मंगलवार को डीएम ने भी गांव का दौरा किया था और सिंचाई विभाग को बाढ़ से बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।