पानी के बीच से सिद्ध पीठ शाकंभरी देवी में माता के दर्शनों को जाते श्रद्धालु। संवाद
शाकंभरी/मिर्जापुर। शिवालिक पहाड़ियों पर बारिश के चलते क्षेत्र की शाकंभरी, बादशाहीबाग, शफीपुर, खुवासपुर व शाहपुर गाड़ा नदियों में रात्रि के समय पानी का तेज सैलाब आ गया। इससे उपजाऊ भूमि का कटाव हुआ है। हालांकि सुबह होने तक सभी नदियों में पानी कम हो गया था।
सोमवार रात करीब 12 बजे सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में शिवालिक पहाड़ियों से अलर्ट के बाद शाकंभरी चौकी स्टाफ ने अनाउंस कर सायरन बजा चेतावनी जारी कर दी। हालांकि उस समय कोई भी श्रद्धालु नदी में नहीं था। मंगलवार सुबह छह बजे तक पानी कम हो गया था। इसके बाद श्रद्धालु मां के दर्शनों को जाते रहे। इसके अलावा गांव शफीपुर नदी, बादशाहीबाग नदी, पाडली नदी में भी पानी का तेज बहाव आ गया।
गांव शाहपुर गाडा, पाडली नदी के किनारों पर किसानों की उपजाऊ भूमि में भारी कटाव हो गया है, जिसमें किसानों की कई बीघा जमीन नदी में समाने से भारी नुकसान पहुंचा है। गांव खुवासपुर की नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को कई किमी दूरी तय कर गांव से बाहर आना पड़ रहा है।
पूर्व प्रधान रियाजुल चौधरी, बिलाल चौधरी, काला चौधरी, भूरा चौधरी आदि में सड़क मार्ग की मरम्मत की मांग लोक निर्माण विभाग से की है।