- एसबीडी जिला अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन के बाद कुछ मरीजों की आंखों की रोशनी चले जाने का मामला
- मुख्य चिकित्सा अधिकारी बोले, एक व्यक्ति ने की है शिकायत, जांच के लिए बनाई गई है पांच सदस्यीय समिति
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन कक्ष में दिसंबर के पहले सप्ताह में हुए ऑपरेशन में कुछ मरीजों की आंखों में समस्या बढ़ने और रोशनी तक चले जाने की चर्चा है। मामले में एक व्यक्ति के द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित में शिकायत की गई है। जिसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है, जिसमें अलग-अलग जगह के डॉक्टरों को शामिल किया गया है।
जिला अस्पताल में चर्चा है कि दिसंबर माह के पहले सप्ताह में संभवत: तीन दिसंबर को करीब 27 लोगों की आंखों का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद कई दिन तक उनकी जांच भी की गई, लेकिन कुछ मरीजों को ऑपरेशन के बाद रोशनी सही होने की बजाय और खराब होने की शिकायत रही। इनमें से कुछ लोग इलाज के लिए निजी अस्पतालों में गए हैं, जिनमें से कुछ मरीज पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज करा रहे हैं। मामले में गांव जीवाला निवासी शगुन बंसल की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी से लिखित शिकायत की गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी मामले की जांच के लिए समिति गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा है। उधर, एसबीडी जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. आभा वर्मा का कहना है कि जिस डॉक्टर पर लापरवाही करने का आरोप है वह 2019 में प्रदेश के टॉप 10 डॉक्टरों में शामिल रह चुके हैं और अभी तक हजारों ऑपरेशन कर चुके हैं। अब केवल एक ही दिन के ऑपरेशनों में खामी आना जांच का विषय है। मामला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत हुई है। उनके स्तर से जांच कराई जाएगी।
-----
यह है जांच समिति
जांच समिति में संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण डॉ. मिनेश कुमार चावला, राजकीय मेडिकल कॉलेज द्वारा नामित वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, आईएमए द्वारा नामित वरिष्ठ रोग विशेषज्ञ, एसबीडी जिला अस्पताल के डॉ. अरुण कुमार और राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के डॉ. कांति प्रसाद शामिल हैं।
-----
- एक व्यक्ति ने शिकायती पत्र दिया है, जिसमें जिला अस्पताल में ऑपरेशन कराने के बाद उनकी माता की आंखों की रोशनी चले जाने की बात कही गई है। जिन 27 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की बात कही जा रही है उनका कोई आंकड़ा या शिकायत अभी तक नहीं मिली है। फिर भी हम मामले की पांच सदस्यों की समिति गठित कर दी है। जांच का विषय यह भी है कि केवल एक दिन हुए ऑपरेशनों में ही शिकायत क्यों? जबकि हर सप्ताह नियमित रूप से ऑपरेशन होते हैं।
डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।