बाप-बेटे सहित गिरोह के पांच चोर गिरफ्तार
सहारनपुर। चिलकाना सहित कई थाना क्षेेेत्रों में हुई घटनाओं का खुलासा कर शनिवार को पुलिस ने गिरोह के पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बाप-बेटा भी शामिल हैं। इन घटनाओं में आरोपी चोरी की कार का इस्तेमाल करते थे। इनके पास से कार, तमंचे और 50-50 किलो के 10 बाट बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि थाना चिलकाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा सहित स्वॉट टीम ने घाटेड़ा के पास से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अनस उर्फ इनाम और उसका बेटा उमेर निवासी सवाखेड़ी थाना बड़ौत जिला बागपत हाल निवासी महाराणा प्रताप चौक माजरी जिला यमुनानगर हरियाणा, शौकीन उर्फ कादिर निवासी गांव उसंड थाना बेहट, कबाड़ी वसीम निवसी सड़क दूधली थाना जनकपुरी और कबाड़ी कलीम निवासी हरौड़ा थाना गागलहेड़ी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 नवंबर को उन्होंने ही चिलकाना के गन्ना क्रय केंद्र के पास डेरे से लोहे के 10 बाट, दो कृपाण और ट्रैक्टर का बैटरा चोरी किया गया था। इसी दिन इन्होंने थाना देवबंद क्षेत्र के मुकंदपुर के जंगल से नलकूपों से केबल काटे और तांबे के तार निकाल ले गए।
इससे पहले 13 नवंबर को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बहेड़ी गुर्जर के गन्ना क्रय केंद्र से 50-50 किलो के 10 बाट चोरी किए थे जबकि 14 नवंबर को थाना नागल क्षेत्र के गांव सरसीना गन्ना क्रय केंद्र के पीछे स्कूल के कमरे से 50-50 किलो के आठ बाट, 20-20 किलो के चार बाट और 10 किलो का एक बाट चोरी किया था।
--------------
गन्ना क्रय केंद्र और आसपास के स्थलों को बनाते थे निशाना
- यह गिरोह बाहरी इलाकों में स्थित गन्ना क्रय केंद्रों, डेरो या बाहरी बस्तियों के अलावा खेतों के नलकूपों को निशाना बनाता था। वारदात को अंजाम देने के बाद वे यमुनानगर जाकर छिप जाते थे। इनके खिलाफ थाना चिलकाना, गागलहेड़ी, देवबंद, नानौता सहित अन्य थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर चोरी और शस्त्र अधिनियम के ही हैं।
------------
पहले बताई थी लूट, बाद में दी चोरी की तहरीर
- चिलकाना वाली घटना में पीड़ित की ओर से पहले बंधक बनाकर 20 हजार रुपये की नगदी, बाट, कृपाण आदि लूट होने की जानकारी दी थी। लेकिन उसकी ओर से बाद में चोरी की तहरीर दी गई थी। उसने यह भी बताया था कि दो बदमाश खाकी वर्दी में आए थे।