शहर में घंटाघर के पास मास्क न लगाने पर हिदायत देते डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण पर सीएम योगी आदित्यनाथ से दिशा निर्देश मिलने के बाद सोमवार को डीएम अखिलेश यादव और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा शहर की सड़कों और बाजारों में भ्रमण के लिए निकले। घंटाघर चौक के पास कुछ लोग मास्क पहने नहीं मिले तो उनकी जमकर क्लास ली। एक महिला के साथ जा रहे शख्स को बिना मास्क देखा तो पास बुलाकर बोले, बाजार में चल दिए, मास्क कहां है तुम्हारा। उसे नसीहत देने के बाद अफसरों ने उन्हें मास्क उपलब्ध कराए और कहा कि अब नहीं उतरना चाहिए।
सोमवार दोपहर घंटाघर चौक पर खड़े होकर डीएम और एसएसपी काफी देर तक आने जाने वाले लोगों को चेक करते रहे। जो भी मास्क लगाते हुए नहीं मिला, उसे कार्रवाई की चेतावनी दी गई और मास्क लगवाया गया। बाइक सवारों से लेकर रेहड़ा चालक तक ऐसे कई लोग मिले जिनके चेहरों पर मास्क नहीं था। अधिकारियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव का सबसे कारगर तरीका यही है कि दो गज की दूूरी रखी जाए और मास्क हर हाल में लगाया जाए।
इन अफसरों ने संबंधित क्षेत्र के थाना और चौकी प्रभारियों को बाजार में भीड़ नियंत्रित करने अतिक्रमण रोकने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लापरवाही करने वालों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जाएगी। इसमें ढिलाई नहीं बरती जाएगी। दरअसल, कोरोना संक्रमण पर हुई अब तक की अधिकतर बैठकों में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे अधिक मास्क पहनने पर ही जोर दिया है। यही वजह है कि रोजाना काटे जा रहे चालान में अब 150 से 200 लोग वे हैं जो चेतावनी के बावजूद मास्क नहीं लगा रहे हैं।