Firing In College: सहारनपुर के जेवी जैन कॉलेज में एक अज्ञात युवक ने कैंपस में घुसकर दो फायर किए, जिससे छात्रों और स्टाफ में दहशत फैल गई। प्राचार्य ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है, जांच जारी है।
सहारनपुर जनपद में बुधवार को शहर के प्रतिष्ठित जेवी जैन कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात युवक ने कैंपस में घुसते ही दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई घटना से विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य दहशत में आ गए।
विज्ञापन
कॉलेज प्राचार्य प्रो. वकुल बंसल ने बताया कि वह अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी कॉलेज के चौकीदार महेन्द्र घबराए हुए पहुंचे और फायरिंग की सूचना दी। चौकीदार ने बताया कि युवक बिना किसी विवाद या बातचीत के सीधे गेट पर आया और अपने साथ लाए तमंचे से दो गोलियां चला दीं।
फायरिंग के बाद वह चौकीदार से इतना कहकर चला गया-प्रिंसिपल साहब को बता देना कि मैंने फायरिंग की है। हमलावर बिना किसी प्रतिरोध के मौके से फरार हो गया।
पुलिस में रिपोर्ट दर्ज, उद्देश्य स्पष्ट नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आया। प्राचार्य ने तत्काल थाना सदर बाजार पुलिस को सूचना देकर अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर में लिखा गया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी फायरिंग का उद्देश्य भी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।